एमसीबी/17 अक्टूबर 2025/ भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा 1 सितम्बर 2024 को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 का शुभारंभ किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग ( EWS ), निम्न आय वर्ग ( LIG ) और मध्यम आय वर्ग ( MIG ) के हितग्राहियों को बुनियादी सुविधाओं सहित पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत नगर पालिक निगम चिरमिरी, नगर पालिका परिषद् मनेंद्रगढ़, नगर पंचायत नई लेदरी, नगर पंचायत झगराखांड, नगर पंचायत ख़ोंगापानी और नगर पंचायत जनकपुर के लाभार्थियों को स्वयं की भूमि पर नया पक्का मकान निर्माण करने के लिए अनुदान दिया जाएगा।
पात्र हितग्राही अपनी स्वामित्व भूमि, स्थायी पट्टा या आबादी भूमि पर 30 से 45 वर्गमीटर के कारपेट क्षेत्रफल वाले पक्के मकान का निर्माण कर सकेंगे, जिसमें कम से कम दो कमरे, एक रसोई और शौचालय-बाथरूम का समुचित संयोजन अनिवार्य होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत आवास का स्वामित्व हितग्राही के पास ही रहेगा। इसके लिए आवेदक के पास अपने नाम से भूमि का स्वामित्व या पट्टा दस्तावेज होना आवश्यक है।
आवेदन के साथ खसरा, पांचशाला नक्शा, पट्टा दस्तावेज और पात्र हितग्राही प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। साथ ही हितग्राही की पारिवारिक वार्षिक आय 3 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। नगर निगम चिरमिरी क्षेत्रान्तर्गत ऐसे हितग्राही जिन्हें वर्ष 2002 या 2019 में राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत पट्टा प्राप्त हुआ था, अब प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के माध्यम से स्वयं का पक्का मकान बनाने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। जिन हितग्राहियों के पास निगम क्षेत्र में स्वयं अथवा पत्नी के नाम पर भूमि है लेकिन अब तक पक्का मकान नहीं बना सके हैं, या जिनका मकान आबादी भूमि पर निर्मित है, ऐसे सभी पात्र लाभार्थी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही नगर निगम चिरमिरी क्षेत्र के वे हितग्राही जो एसईसीएल लीज भूमि या वन भूमि पर कच्चे मकान में निवासरत हैं, उन्हें भी प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस योजना का उद्देश्य हर जरूरतमंद को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधायुक्त आवास प्रदान कर “हर परिवार को छत” के लक्ष्य को साकार करना है।
नगर निगम चिरमिरी में इच्छुक नागरिक कार्यालयीन दिवसों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आवेदन पत्र और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 न केवल गरीबों के सिर पर छत देने का कार्य कर रही है, बल्कि सामाजिक समानता, आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हो रही है।



