कोरबा, 02 जनवरी (वेदांत समाचार)। पतंजलि योगपीठ दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट के 31वें एवं भारत स्वाभिमान के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर कोरबा में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सोमवार, 5 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका कोरबा में आयोजित होगा।
यह शिविर पतंजलि युवा भारत, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नमामि हसदेव सेवा समिति, विश्व हिंदू परिषद, आरोग्य भारती, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। शिविर में दंत रोग, अस्थि खनिज घनत्व (बोन मिनरल डेंसिटी), नेत्र जांच, रक्त शर्करा एवं रक्तचाप की जांच निःशुल्क की जाएगी। साथ ही स्त्री, पुरुष एवं बच्चों के सभी सामान्य, साध्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के आजीवन सदस्य नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने बताया कि गुजरात आयुर्वेद डेंटिस्ट्री के दंत चिकित्सक डॉ. विकास अग्रवाल विशेष रूप से अपनी सेवाएं देने आ रहे हैं। वे सभी प्रकार के दंत रोगों का उपचार करेंगे। इसके साथ ही ऐसे दंत रोगी जिनके दांत सड़ चुके हैं, लगातार दर्द रहता है और जो शुगर, बीपी अथवा अन्य कारणों से दांत निकलवाने में असमर्थ हैं, उनके दांत आयुर्वेद की विशेष विधा ‘जालंधर बंध’ द्वारा बिना किसी एनेस्थिसिया और बिना दर्द के निकाले जाएंगे।

शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित छत्तीसगढ़ प्रांत की ख्यातिलब्ध चिकित्सिका नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के आजीवन सदस्य नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा तथा संस्थान के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा भी विशेष रूप से अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे।
शिविर में प्रथम 100 रोगियों की लगभग 2200 रुपये मूल्य की अस्थि खनिज घनत्व (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच दिल्ली से आए तकनीशियन द्वारा निःशुल्क की जाएगी। जांच के उपरांत संबंधित रोगों के उपचार हेतु चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जानकारी एवं परामर्श दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त रोगियों की रक्त शर्करा एवं रक्तचाप की जांच भी निःशुल्क की जाएगी तथा आंखों की जांच कर चश्मे के नंबर का कार्ड प्रदान किया जाएगा।
शिविर में सभी प्रकार के रोगों में लाभकारी एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाला इम्यूनिटी बूस्टर क्वाथ निःशुल्क पिलाया जाएगा। साथ ही रोगियों को उनके लिए उपयोगी योगाभ्यास एवं प्राणायाम का व्यक्तिगत रूप से अभ्यास कराकर विशेष प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। रोगियों को लाभकारी दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार एवं विहार के विषय में भी विस्तृत व्यक्तिगत परामर्श प्रदान किया जाएगा।
डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने अंचलवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन एवं जांच हेतु निर्धारित समय प्राप्त करने के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है, जिससे शिविरार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



