Vedant Samachar

कोरबा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी, अब तक 21 लाख 34 हजार क्विंटल से अधिक धान की हुई खरीदी

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 19 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारु रूप से जारी है। जिले के 65 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। शासन की इस व्यवस्था से जिले के किसानों में उत्साह और संतोष का माहौल देखा जा रहा है।

धान खरीदी को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों को ऑनलाइन टोकन वितरण की सुविधा दी जा रही है, वहीं बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से सटीक तौलाई तथा शीघ्र भुगतान की व्यवस्था भी की गई है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिले में 52 हजार से अधिक किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं। खरीदी की शुरुआत से अब तक पंजीकृत किसानों से कुल 21 लाख 34 हजार 220 क्विंटल गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके साथ ही जिले में अब तक 14 लाख 13 हजार 970 क्विंटल धान का उठाव भी सफलतापूर्वक किया जा चुका है

जिला प्रशासन द्वारा जारी डीओ के तहत हाथी प्रभावित क्षेत्रों एवं संवेदनशील उपार्जन केंद्रों से प्राथमिकता के आधार पर धान का उठाव कराया जा रहा है, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संग्रहण केंद्रों की व्यवस्था की गई है तथा समितियों में धान की स्टैकिंग कराकर अतिरिक्त स्थान भी उपलब्ध कराया गया है।

प्रशासन की सतत निगरानी और सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहा है और किसानों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

Share This Article