माधव नगर जोरापारा बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन संपन्न
रायपुर,12 जनवरी(वेदांत समाचार) । माधव नगर जोरापारा बस्ती में हिंदू जागरण समिति के तत्वावधान में 11 जनवरी को प्रातः 11.30 बजे आर.डी.ए. बिल्डिंग, शारदा चौक में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला का हिस्सा था।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह कार्यवाह रायपुर महानगर अमोल गोरे, महामंडलेश्वर किन्नर अखाड़ा संत सौम्य दीदी एवं मां भानेश्वरी परिक्षेत्र साहू समाज की उपाध्यक्ष श्रीमती तारकेश्वरी साहू मुख्य रूप से मंचासीन रहीं। कार्यक्रम के प्रारंभ में किरण स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं बस्ती के बच्चों द्वारा धार्मिक गीतों पर सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात मां भारती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन किया गया। सम्मेलन स्थल पर महापुरुषों के चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। हिंदू जागरण समिति के सदस्यों द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में सह कार्यवाह अमोल गोरे ने कहा कि संगठित हिंदू समाज ही समर्थ और सक्षम भारत का निर्माण कर सकता है। उन्होंने हिंदू समाज को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि जब-जब हिंदुत्व कमजोर हुआ, तब-तब समाज को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्षों के सेवा और राष्ट्रनिर्माण कार्यों पर भी प्रकाश डाला।
महिला वक्ता श्रीमती तारकेश्वरी साहू ने कुटुंब व्यवस्था, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं तीर्थ दर्शन के महत्व पर विचार रखे। वहीं महामंडलेश्वर सौम्य दीदी ने कहा कि देश और समाज को सुरक्षित रखने के लिए हिंदुओं की एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने वर्तमान समय में हिंदू समाज को विभाजित करने के प्रयासों पर चिंता व्यक्त की।
कार्यक्रम के पश्चात शंकर हनुमान मंदिर समिति की महिलाओं द्वारा संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ एवं भजन की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर धार्मिक, सामाजिक, सेवानिवृत्त एवं समाजसेवियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश पांडे ने किया। सम्मेलन में पार्षद अवतार सिंह बागल, पूर्व पार्षद श्रीमती भारती बागल सहित बड़ी संख्या में हिंदू जागरण समिति के सदस्य एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर समरसता भोज का आयोजन भी किया गया।



