Vedant Samachar

गणतंत्र दिवस पर कोरबा वन मंडल की झांकी ने दिया भारतीय पैंगोलिन संरक्षण का सशक्त संदेश, झांकी व प्रोफेशनल परेड में द्वितीय स्थान प्राप्त

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 27 जनवरी (वेदांत समाचार)। 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में कोरबा वन मंडल द्वारा प्रस्तुत भारतीय पैंगोलिन (Indian Pangolin/कहट) संरक्षण पर आधारित जागरूकता झांकी ने जनमानस का विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए इस झांकी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, प्रोफेशनल परेड में भी कोरबा वन मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।

भारतीय पैंगोलिन संरक्षण पर आधारित इस झांकी के माध्यम से आम नागरिकों को पैंगोलिन के महत्व, उसके पारिस्थितिक योगदान, अवैध शिकार, गैरकानूनी व्यापार तथा इस संकटग्रस्त वन्यजीव पर मंडरा रहे खतरों के प्रति जागरूक किया गया। झांकी में पैंगोलिन के प्राकृतिक आवास, उसकी विशिष्ट शल्क (स्केल्स), कीट नियंत्रण में उसकी अहम भूमिका और मानव गतिविधियों से उत्पन्न जोखिमों को रचनात्मक एवं शैक्षणिक रूप में दर्शाया गया।

यह झांकी कटघोरा एवं कोरबा वन मंडल के वरिष्ठ वन अधिकारियों के मार्गदर्शन में तैयार की गई, जिसमें वन विभाग के मैदानी अमले की सक्रिय भागीदारी रही। झांकी का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना था कि भारतीय पैंगोलिन एक संरक्षित एवं संकटग्रस्त वन्यजीव है, जिसकी तस्करी और अवैध शिकार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। साथ ही यह भी रेखांकित किया गया कि वन्यजीव संरक्षण ही जैव विविधता और स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र की आधारशिला है।

गणतंत्र दिवस पर आयोजित प्रोफेशनल परेड में भी कोरबा वन मंडल के वन रक्षकों ने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट तालमेल का प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस वर्ष कोरबा वन मंडल को दो ट्रॉफी प्राप्त होना वन विभाग के लिए गर्व का विषय रहा। यह सफलता डीएफओ प्रेमलता यादव एवं निशांत कुमार के कुशल मार्गदर्शन, एसडीओ आशीष खेलवार एवं सूर्यकांत सोनी की निगरानी तथा कोरबा रेंजर मृतुंजय शर्मा, कमलेश कुम्हार, अर्जुन कंवर, जितेंद्र सारथी, सिद्धांत जैन सहित अन्य कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम रही। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी गई है।

Share This Article