बिहार के मुंगेर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला उजागर हुआ है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुतलूपुर गांव में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की संदिग्ध हालात में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी की गला दबाकर हत्या की गई है। मृतका के परिजनों ने रिश्ते में बुआ लगने वाली काजल नामक युवती पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, नाबालिग का शव घर के अंदर ही पाया गया था। शव मिलने के समय उसके गले पर दबाव के स्पष्ट निशान मौजूद थे। परिवार का आरोप है कि काजल ने मृतका के गले में पड़ी रुद्राक्ष की माला से ही उसका गला घोंटकर हत्या की। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।
सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इस मामले में मृतका के परिजनों और ग्रामीणों की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन देकर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि काजल लंबे समय से नाबालिग पर दबाव बना रही थी। उनका कहना है कि आरोपी युवती पहले भी गांव की कुछ लड़कियों और महिलाओं को अपने प्रभाव में ले चुकी थी। आरोप है कि वह आर्थिक मदद दिलाने का झांसा देकर उन्हें फंसाती थी और बाद में अनैतिक कृत्यों के लिए दबाव बनाती थी। नाबालिग द्वारा इसका विरोध किए जाने पर उसकी हत्या कर दी गई।
इस पूरे मामले में सदर डीएसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया है और प्रथम दृष्टया यह गला दबाकर हत्या का मामला लग रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी काजल को देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी के अनुसार, परिजनों और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



