Vedant Samachar

अब पाकिस्तान को समझ आ गया है कि भारत क्या कर सकता है, कितनी तेजी से और कितना सटीक कर सकता है…

Vedant samachar
4 Min Read

नईदिल्ली,29मई 2025।सिक्किम की जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आंतकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। दरअसल, पीएम मोदी सिक्किम के 50 साल पूरे होने पर वहां की पर्यटन विविधता की तारीफ कर रहे थे। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज का ये दिन विशेष है। ये अवसर सिक्किम की लोकतांत्रिक यात्रा की स्वर्ण जयंती का है। मैं स्वयं आप सबके बीच रहकर इस उत्सव का, इस उमंग का, 50 वर्ष की सफल यात्रा का साक्षी बनना चाहता था। मैं सुबह दिल्ली से बागडोगरा तो पहुंच गया, मौसम ने मुझे आपके दरवाजे तक तो पहुंचा दिया, लेकिन आगे जाने से रोक दिया। इस वजह से मुझे आपके प्रत्यक्ष दर्शन का अवसर नहीं मिला है। उन्होंने कहा, आज का ये दिन बीते 50 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाने का है। आपने इतना बढिय़ा कार्यक्रम आयोजित किया है। खुद मुख्यमंत्री इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए काफी ऊर्जा के साथ लगे रहे। मैं आप सभी को सिक्किम राज्य के 50 वर्ष होने की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा, 50 वर्ष पहले सिक्किम ने अपने लिए एक लोकतांत्रिक भविष्य तय किया था।

सिक्किम के लोगों का जनमन भूगोल के साथ ही भारत की आत्मा से जुडऩे का भी था। एक भरोसा था जब सबकी आवाज सुनी जाएगी, सबके हक सुरक्षित होंगे, तो विकास के एक जैसे मौके मिलेंगे। आज मैं कह सकता हूं कि सिक्किम के एक-एक परिवार का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। देश ने इसके परिणाम सिक्किम की प्रगति के रूप में देखे हैं। सिक्किम आज देश का गर्व है। पीएम मोदी ने कहा, 50 वर्षों में सिक्किम… प्रकृति के साथ प्रगति का मॉडल बना। बायोडायवर्सिटी का बहुत बड़ा बागीचा बना। शत-प्रतिशत ऑर्गेनिक स्टेट बना। कल्चर और हेरिटेज की समृद्धि का प्रतीक बनकर सामने आया। 2014 में सरकार में आने के बाद मैंने कहा था सबका साथ-सबका विकास। भारत को विकसित बनाने के लिए देश का संतुलित विकास बहुत जरुरी है। इसी भावना के तहत, बीते दशक में हमारी सरकार, नॉर्थ ईस्ट को विकास के केंद्र में लाई है। हम एक्ट ईस्ट के संकल्प पर एक्ट फास्ट की सोच के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के इस कार्यक्रम में भी सिक्किम के भविष्य की यात्रा की झलक मिलती है।

इसी दौरान उन्होंने पहलगाम का जिक्र किया। उन्होंने कहा, सिक्किम के आप सभी लोग पर्यटन की ताकत को भलीभांति जानते हैं, समझते हैं। पर्यटन सिर्फ मनोरंजन नहीं है, ये विविधता का जश्न है, लेकिन आतंकियों में जो कुछ पहलगाम में किया। वो सिर्फ भारतीयों पर हमला नहीं था।

वो मानवता की आत्मा पर हमला था, भाईचारे की भावना पर हमला था। पीएम मोदी ने कहा, आतंकियों ने हमारे अनेक परिवारों की खुशियों को छीन लिया। उन्होंने हम भारतीयों को बांटने की भी साजिश रची। आज पूरी दुनिया देख रही है कि भारत आज पहले से कहीं ज्यादा एकजुट है। हमने एकजुट होकर आतंकियों और उनके सरपरस्तों को साफ संदेश दिया। हमने आतंकियों को ऑपरेशन सिंदूर से करारा जवाब दिया। उन्होंने का कि आतंकी अड्डे तबाह होने से बौखलाकर पाकिस्तान ने हमारे नागरिकों और सैनिकों पर हमले की कोशिश की, लेकिन उसमें भी पाकिस्तान की पोल ही खुल गई। हमने उनके कई एयरबेस तबाह करके दिखा दिया कि भारत कब क्या कर सकता है। कितनी तेजी से कर सकता है, कितना सटीक कर सकता है।

Share This Article