रायगढ़, 30 जनवरी। नव पदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार 30 जनवरी 2026 को पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में मौन धारण कर की गई, जिसके पश्चात विस्तृत क्राइम मीटिंग आयोजित हुई।
बैठक में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आदतन मारपीट करने वालों को गुंडा सूची में शामिल करने तथा उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर देते हुए नियमित पेट्रोलिंग, बदमाशों की सघन जांच और विजिबल पुलिसिंग अपनाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने बताया कि फरवरी माह से प्रत्येक माह निर्धारित एजेंडा के अनुसार नियमित अपराध समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने लंबित अपराधों एवं शिकायतों के निराकरण पर विशेष फोकस करने, माह के प्रारंभ से ही लक्ष्य निर्धारित कर समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालय एवं वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त निर्देशों का समय पर पालन सुनिश्चित करने को कहा।
अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसपी ने अवैध जुआ, सट्टा, अवैध शराब, गांजा एवं नशीली दवाओं की तस्करी, गौवंश तस्करी और अन्य अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल अपराध दर्ज कर निराकरण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मजबूत और गुणवत्तापूर्ण विवेचना के माध्यम से आरोपियों को सख्त सजा दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विवेचना के स्तर में सुधार के लिए नगर पुलिस अधीक्षक एवं रक्षित निरीक्षक को विवेचकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने और मार्गदर्शन हेतु अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए सीसीटीएनएस एवं सभी विभागीय पोर्टलों को अद्यतन रखने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस के अच्छे कार्यों के प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया एवं सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की बात कही।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से ओवर स्पीड, नशे में वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वालों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई और रक्षित निरीक्षक को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। आगामी विधानसभा सत्र को ध्यान में रखते हुए विधानसभा सेल के गठन एवं आवश्यक तैयारियों के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने कहा कि आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार सौम्य होना चाहिए, जबकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ स्पष्ट नजर आना चाहिए। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और जनहित के कार्यों में पुलिस की सहभागिता बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।
अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, डीएसपी साधना सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।



