कोरबा में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की हत्या, शिक्षक आरोपी गिरफ्तार

कोरबा, 06 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के पाली थाना क्षेत्र के चैतुरगढ़ पहाड़ पर एक महिला की मिली अधजली लाश मामले में पुलिस ने आरोपी मिलन दास को हिरासत में लिया है। आरोपी पेशे से शिक्षक है और उसका महिला के साथ अवैध संबंध था। महिला शादी के बाद अपने पति को छोड़ आरोपी शिक्षक के साथ लिव-इन में रह रही थी। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर शिक्षक ने उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया।

दरअसल, तीन दिन पहले पाली थाना क्षेत्र के चैतुरगढ़ पहाड़ के पास राम टोक पहाड़ पर एक अधजली लाश बरामद हुई थी। पुलिस ने महिला की पहचान करने की कोशिश की, तो पता चला कि महिला का नाम 28 वर्षीय शशिकला है, और वो ग्राम लाद की रहने वाली ​थी।

महिला का आरोपी शिक्षक के साथ अवैध संबंध था

पूछताछ में पता चला कि शशिकला जब लाद हायर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं में पढ़ाई कर रही थी, तभी इसकी अपने शिक्षक मिलन दास के साथ बातचीत होती थी। वहां से कॉलेज में जाने के बाद भी शशिकला और आरोपी के बीच फोन से बातचीत होती थी। इस दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई और महिला का मिलन दास के साथ अवैध संबंध बन गया।

इसी दौरान जब घर वालों ने शशिकला की शादी की चर्चा की तो मिलन दास ने ही उसकी शादी करवाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। करीब छह साल पहले शशिकला की शादी भुनेश्वर गोड़ से हुई थी। लेकिन महज 15 दिनों में ही वह ससुराल छोड़कर मायके आ गई और फिर मिलन दास के साथ कटघोरा में किराए के मकान में लिव-इन में रहने लगी।

जब इस बात की जानकारी शशिकला के घरवालों को मिली उन्होंने उससे संबंध तोड़ लिया। लेकिन श​शिकला का भाई अशोक उससे बातचीत करता था। कभी-कभी मिलने घर भी जाता था।

अशोक ने बताया कि कुछ दिन पहले 27 फरवरी को जब वह अपनी बहन से फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहा था, तो फोन बंद मिला। शक होने पर वह कटघोरा उसके घर पहुंचा, जहां उसे पता चला कि शशिकला और मिलन दास के बीच विवाद हुआ था। जब अशोक ने मिलन से शशिकला के बारे में पूछा, तो वो टालमटोल करने लगा।

पुलिस जांच में हुआ हत्या का खुलासा

अशोक को मिलन की बातों पर शक हुआ और उसने तुरंत पाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि 27 फरवरी को दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद आरोपी मिलन ने शशिकला की हत्या कर दी।

हत्या के बाद मिलन दास ने अपने ड्राइवर की मदद से शव को गाड़ी में रखा और चैतुरगढ़ के पास राम टोक पहाड़ पर ले जाकर जला दिया। अधजला शव छोड़कर वे मौके से फरार हो गए।

भाई ने ब्रेसलेट से बहन के शव को पहचाना

इधर, शशिकला की तलाश करते हुए पुलिस को राम टोक पहाड़ पर महिला अधजली लाश मिली। पुलिस ने अधजले शव की जांच की, तो शव पर मौजूद ब्रेसलेट और अन्य चीजें मिली। पुलिस ने पहचान के लिए शशिकला के भाई को अशोक को बुलाया।

अशोक ने ब्रेसलेट और बॉडी से मिले अन्य चीजों के आधार पर बहन को पहचान लिया। पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन अशोक ने कहा कि वह अपनी बहन का शव गांव नहीं ले जाएगा, क्योंकि समाज ने उसे बहिष्कृत कर दिया है।

शिक्षक हिरासत में, पुलिस जुटा रही सबूत

पाली पुलिस ने मिलन दास को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस अब हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाने और ड्राइवर की भूमिका की भी जांच कर रही है।