Vedant Samachar

बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम तलवा में आयोजित हुआ चलित थाना, पुलिस अधीक्षक ने साइबर फ्रॉड, यातायात नियम व नशा मुक्ति पर किया जागरूक

Vedant samachar
3 Min Read

सक्ती, 12 जनवरी (वेदांत समाचार)। आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति में थाना बाराद्वार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तलवा में चलित थाना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निरीक्षक नरेंद्र यादव, थाना प्रभारी बाराद्वार सहित थाना स्टाफ, ग्राम छीतापंडरिया, दर्राभाटा एवं खम्हारिया के सरपंच, ग्राम तलवा की महिला कमांडो टीम तथा ग्राम तलवा के लगभग 150 आम नागरिक एवं छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।

चलित थाना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री ठाकुर ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त की और आम नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करना और ऑनलाइन ठगी जैसे मामलों से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा नजदीकी थाना या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक महोदय ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाना, तेज गति से वाहन न चलाना तथा ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

नशा मुक्ति के विषय पर बोलते हुए पुलिस अधीक्षक श्री ठाकुर ने कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया और कहा कि नशा उन्मूलन तभी संभव है जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति की इसमें सक्रिय सहभागिता हो।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी से कानून का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने और सुरक्षित एवं नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।

Share This Article