Vedant Samachar

रायपुर के होटल में युवक की हत्या में बड़ा खुलासा, नाबालिग प्रेमिका ने दिया वारदात को अंजाम

Vedant samachar
4 Min Read

रायपुर, 01 अक्टूबर (वेदांत समाचार) I रायपुर के स्टेशन रोड स्थित एवन लाज में मिली युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक 16 वर्षीय नाबालिग ने अपने प्रेमी मोहम्मद सद्दाम (बिलासपुर निवासी) की चाकू से हत्या की है। किशोरी का आरोप है कि सद्दाम किसी दूसरी युवती से निकाह करने वाला था और उस पर गर्भपात का दबाव बना रहा था।

इनकार करने पर वह उसके अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इसी तनाव और विवाद के बीच किशोरी ने वारदात को अंजाम दिया। किशोरी ने घटना की जानकारी खुद अपनी मां को दी और बाद में थाने पहुंचकर राज खोला। युवक द्वारा आठ आइडी चलाए जाने की जानकारी पुलिस को लगी है। गंज थाना पुलिस किशोरी के खिलाफ अपराध दर्ज कर बाल न्यायालय भेज दिया।

इंस्टाग्राम से हुई दोस्ती
दो वर्ष पहले नाबालिग की मुलाकात इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर एमडी सद्दाम नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। सद्दाम कई बार रायपुर से बिलासपुर जाकर युवती से मिलता रहा, वहीं किशोरी भी रायपुर आती रही। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और नाबालिग गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने सद्दाम पर शादी के लिए दबाव बनाया।

स्टेशन में मारपीट और लाज में रुकना
27 सितंबर को दोनों की मुलाकात रायपुर रेलवे स्टेशन पर हुई। इस दौरान सद्दाम ने किशोरी से विवाद किया और उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद वह उसे एवन लाज लेकर आया। अगले दिन 28 सितंबर को सद्दाम युवती को अभनपुर ले गया और शाम तक वापस लौटा। इसके बाद फिर से दोनों एवन लाज में ठहरे।

हत्या से पहले दी थी धमकी
जानकारी के अनसार, सद्दाम ने गर्भपात कराने से मना करने पर किशोरी को चाकू दिखाकर डराया था। किशोरी को आशंका थी कि कहीं उसकी भी हत्या न कर दी जाए। 28 की रात कमरे में बियर पी गई। इसके बाद दोनों सो गए।

सुबह चाकू से वार कर हत्या
29 सितंबर की सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच किशोरी ने सद्दाम के बैग में रखे चाकू से उस पर कई वार कर दिए। वारदात के बाद उसने कमरे को बाहर से ताला लगाकर वहां से निकल गई। वह रायपुर स्टेशन से ट्रेन पकड़कर सीधे बिलासपुर पहुंची और घर आ गई। कपड़ों पर खून देखकर मां ने पूछताछ की तो किशोरी ने पूरी घटना बताई। इसके बाद मां बेटी को लेकर कोनी थाने पहुंची।

मोबाइल से डाटा डिलीट
हत्या के बाद किशोरी ने सद्दाम के मोबाइल से फोटो, वीडियो और पूरा डाटा डिलीट कर दिया। उसने अपने फोन से भी सब कुछ हटा दिया। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और उसे रिकवरी के लिए पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। पुलिस का मानना है कि रिकवरी के बाद कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नाबालिग द्वारा दिए गए बयान और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर जांच की जा रही है। मामले में ब्लैकमेलिंग, अवैध संबंध और दबाव के पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

Share This Article