Vedant Samachar

धरसींवा के तुलसी बाराडेरा में गुरु घासीदास जयंती पर गुरु दर्शन मेला, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक अनुज शर्मा हुए शामिल

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,04 जनवरी (वेदांत समाचार)। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तुलसी बाराडेरा में बाबा गुरु घासीदास जयंती के पावन अवसर पर गुरु दर्शन मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सतनाम समाज के गुरु एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब तथा धरसींवा विधायक अनुज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन शामिल हुए।

मेले के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक अनुज शर्मा ने पवित्र जैतखंभ पर पालो चढ़ाकर बाबा गुरु घासीदास जी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए मंगलकामना की। आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं, जिसमें पंथी नृत्य ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। जाति-पाति और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त कर ही एक समरस और सशक्त समाज तथा राष्ट्र का निर्माण संभव है।

विधायक अनुज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने सदियों पहले समाज को “मनखे-मनखे एक समान” का मूलमंत्र दिया था, जो केवल एक वाक्य नहीं बल्कि एक संपूर्ण जीवन दर्शन है। जब तक समाज से जाति, धर्म और भेदभाव की भावना पूरी तरह समाप्त नहीं होगी, तब तक वास्तविक सामाजिक उत्थान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सतनाम केवल एक नाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है।

विधायक शर्मा ने बाबा गुरु घासीदास जी द्वारा बताए गए सात सिद्धांतों—सत्य बोलना, अहिंसा, चोरी न करना, मांस-मदिरा का त्याग, परस्त्री गमन का त्याग और सादगी—को आदर्श समाज की नींव बताया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे बाबा जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और शिक्षा के माध्यम से समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान दें।

Share This Article