Vedant Samachar

हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति जागरूकता का संदेश, बिलासपुर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

Vedant samachar
4 Min Read

बिलासपुर, 02 जनवरी (वेदांत समाचार)। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के दूसरे दिन बिलासपुर में यातायात पुलिस द्वारा भव्य हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के प्रति जागरूक करना रहा। जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में यह रैली पूरे शहर में निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और एनजीओ के सदस्य शामिल हुए।

भारत सरकार के भूतल परिवहन मंत्रालय एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक जिला पुलिस बल बिलासपुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान बिलासपुर पुलिस द्वारा जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के समन्वय से सड़क सुरक्षा को लेकर अनेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 2 जनवरी को आयोजित हेलमेट जागरूकता बाइक रैली की शुरुआत स्थानीय रिवर व्यू से हुई। रैली देवकीनंदन चौक, कोतवाली चौक, तेलीपारा, लिंक रोड, श्रीकांत वर्मा मार्ग, भारती नगर, महाराणा प्रताप चौक, गौरव पथ, मंगला चौक और नेहरू चौक से होते हुए पुनः देवकीनंदन चौक मार्ग से रिवर व्यू पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

रैली के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने हेलमेट की उपयोगिता, आवश्यकता और अनिवार्यता पर संक्षिप्त उद्बोधन दिया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सके। इसके पश्चात रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कलेक्टर और एसएसपी स्वयं हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन से रैली का नेतृत्व करते हुए शहर भ्रमण पर निकले, जिससे लोगों को सशक्त संदेश मिला।

इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार, सीएसपी गगन आईपीएस, प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका, डीएसपी शिवचरण सिंह परिहार, डीएसपी मंजूलता केरकेट्टा, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इसके अलावा सड़क सुरक्षा आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य अशोक श्रीवास्तव, अब्दुल हमीद, राजकुमार सुखवानी, विद्या गोवर्धन, लेफ्टिनेंट आशीष शर्मा, विकास वर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक संगठन, व्यापारिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और विभिन्न सामाजिक इकाइयों के सदस्य रैली में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन मिशन स्कूल उच्च माध्यमिक शाला बिलासपुर के व्याख्याता मुकुल शर्मा द्वारा किया गया। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं।

Share This Article