Vedant Samachar

बालकों नगर मिनीमाता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालको के मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,07नवंबर (वेदांत समाचार) । बालको नगर स्थित मिनीमाता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में द हिटवाद समाचार पत्र के सौजन्य से शैक्षणिक सत्र 2024–25 में कक्षा दसवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के प्राचार्य भोजेन्द्र सिंह द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर प्राचार्य श्री सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

विद्यालय के परीक्षा परिणामों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2024–25 में ओम देवांगन ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं किशन कश्यप ने 78 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि रंजीता ने 77 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन विद्यार्थियों की सफलता पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई।

प्राचार्य श्री सिंह ने द हितवाद समाचार पत्र का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है और समाज में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करती है।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि वे आगे भी अपने परिश्रम और समर्पण से विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे। समारोह का समापन आभार प्रदर्शन और विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश के साथ किया गया।

Share This Article