Vedant Samachar

मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी माओवादी नेता अनल उर्फ पतिराम मांझी ढेर, कुल 10 नक्सली मारे गए

Vedant samachar
2 Min Read

झारखंड, 22 जनवरी (वेदांत समाचार)। सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) के केंद्रीय कमेटी सदस्य और एक करोड़ रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली अनल उर्फ पतिराम मांझी समेत कुल 10 माओवादी मारे गए हैं। इस कार्रवाई को झारखंड में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

मारे गए माओवादी नेता अनल उर्फ पतिराम मांझी की गिनती झारखंड के सबसे खूंखार और वांछित नक्सलियों में होती थी। वह भाकपा (माओवादी) संगठन की केंद्रीय कमेटी का सदस्य था और लंबे समय से सुरक्षाबलों के निशाने पर था। उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। पतिराम पर कई बड़े नक्सली हमलों, सुरक्षाबलों पर हमले, आगजनी और विकास कार्यों में बाधा डालने जैसी गंभीर वारदातों में शामिल होने का आरोप था।

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि इलाके में माओवादियों का बड़ा दस्ता मौजूद है। इसके बाद चलाए गए विशेष अभियान के दौरान माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। कई घंटे तक चली इस मुठभेड़ में कुल 10 नक्सली मारे गए, जिनमें शीर्ष नेता अनल उर्फ पतिराम मांझी भी शामिल है।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से हथियार, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षाबलों द्वारा इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि किसी अन्य नक्सली के छिपे होने की आशंका को खत्म किया जा सके।

प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका बताया है। अधिकारियों का कहना है कि अनल उर्फ पतिराम की मौत से माओवादी संगठन की कमर टूटेगी और क्षेत्र में शांति व विकास के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

Share This Article