जांजगीर-चांपा, 21 नवंबर (वेदांत समाचार)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 11 बैलों को आरोपियों के कब्जे से बरामद कर सुरक्षित रूप से गोठान में रखवा दिया है। घटना 20 नवंबर 2025 की सुबह लगभग 8 बजे की है, जब ग्राम जेवरा मार्ग पर तीन आरोपी बैलों को पैदल हांकते हुए, मारते-पीटते ढाबाडीह की ओर ले जा रहे थे। इस दौरान एक आरोपी उनके साथ मोटरसाइकिल से चल रहा था। स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण इसकी सूचना तुरंत पुलिस तक पहुँची।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर मुलमुला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे बैलों को गिधौरी इलाके की ओर ले जा रहे थे, जहाँ से गौ-तस्कर बैलों को खरीदकर आगे बुचड़खाने में बेच देते हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 4, 6 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 तथा धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
- मेलाराम यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी बोरसी
- बिरेन्द्र उर्फ नरेन्द्र कुमार यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी बोरसी, थाना पामगढ़
- मुकेश कुमार मनहर, उम्र 24 वर्ष, निवासी खोरसी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक पारस पटेल (थाना प्रभारी मुलमुला), सउनि फूलेश्वर सिदार, प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक राजमणि द्विवेदी, आरक्षक मनभावन पटेल और हेमंत खरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



