दुर्ग ,15नवंबर (वेदांत समाचार) । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार की रात फायरिंग की गई है। अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को निशाना बनाकर उस पर गोली चलाई। निशाना चूक जाने से युवक की जान तो बच गई, लेकिन फायरिंग के दौरान उसे कान के पास हल्की चोट जरूर आई है। घटना जामुल थाना इलाके की है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। घटना स्थल से गोली के अवशेष बरामद किए गए हैं। साथ ही आसपास की दीवारों पर फायरिंग के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। जिससे यह पुष्टि होती है कि, हमलावर एक से अधिक बार गोली चलाकर युवक को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे।
मामला दर्ज नहीं, जांच जारी
फिलहाल जामुल पुलिस ने इस घटना में अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की है। मामले की प्रारंभिक जांच जारी है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान ले रही है। स्थानीय क्षेत्र में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।



