Vedant Samachar

प्रधानमंत्री आवास योजना : ग्राम संतोषपुर के लखमू ने केंद्र शासन के प्रति जताया आभार…

Vedant Samachar
2 Min Read

बीजापुर,30अक्टूबर । अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, रोशनी की एक किरण उसे मिटा देती है। यही बात आज बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को देखकर महसूस की जा सकती है। यह योजना जिले के दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई आशा और उजाला लेकर आई है।

जनपद पंचायत बीजापुर के नियद नेल्लानार ग्राम पंचायत संतोषपुर में कभी नक्सली प्रभाव के कारण शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन संभव नहीं हो पा रहा था। लेकिन नियद नेल्लानार योजना में शामिल होने के बाद इस ग्राम में वर्ष 2024-25 के लिए स्वीकृत किए गए प्रधानमंत्री आवास जिनमें से अब तक 18 आवास पूर्ण हो चुके हैं। गांव में तेजी से निर्माण कार्य जारी है और ग्रामीणों के चेहरों पर विश्वास एवं सुरक्षा की नई चमक दिखाई दे रही है।

इसी ग्राम के निवासी लखमू पनिका का जीवन इस योजना से बदला है। उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में आवास की स्वीकृति मिली। लखमू बताते हैं मेरी पत्नी का निधन हो चुका है। मेरा एक बेटा है, जिसकी शादी भी हो गई है और अब मेरा एक पोता भी है। दो एकड़ जमीन में खेती कर मैं किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। गरीबी के कारण पक्का घर बनाना संभव नहीं था और माओवाद के भय से भविष्य भी अनिश्चित लगता था। लेकिन जब मुझे प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति मिली, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आज मेरा पक्की छत वाला घर बन चुका है। यह सब शासन-प्रशासन की मदद से संभव हुआ है। हमारे गांव के लिए यह योजना सचमुच रोशनी की किरण बनकर आई है।

लखमू सहित ग्राम के अन्य लाभार्थी अब सुरक्षित आवास में रह रहे हैं और अपनी आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ने न केवल उन्हें आश्रय प्रदान किया है, बल्कि आत्मसम्मान और सुरक्षा की नई भावना भी जगाई है।

Share This Article