Vedant Samachar

KORBA : वीआईपी दौरे में नहीं थमेगा शहर, अस्थाई हेलीपैड से ट्रैफिक जाम से मिली राहत

Vedant samachar
4 Min Read

कोरबा, 12 जनवरी (वेदांत समाचार)। अब वीआईपी आगमन के दौरान कोरबा शहर की रफ्तार नहीं थमेगी। प्रशासन द्वारा हेलीपैड के विकेंद्रीकरण और अस्थाई हेलीपैड की व्यवस्था किए जाने से आम नागरिकों को लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिल रही है। पहले जहां वीआईपी आगमन पर पूरे शहर में घंटों तक वाहनों की आवाजाही बाधित रहती थी, वहीं अब केवल सीमित क्षेत्र में और वह भी कुछ समय के लिए ही ट्रैफिक नियंत्रित किया जा रहा है।

शहर में मुड़ापार मैदान को स्थायी हेलीपैड के रूप में विकसित किया गया है। पूर्व में वीआईपी आगमन के दौरान हेलीकॉप्टर इसी हेलीपैड पर उतारे जाते थे और वहां से कार्यक्रम अथवा बैठक स्थल तक वीआईपी कारकेड गुजरता था। इस दौरान घंटाघर समेत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर आमजन की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाती थी, जिससे कई बार घंटों तक मार्ग बंद रहने की स्थिति बन जाती थी।

अब सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने सीएसईबी ग्राउंड और पुलिस लाइन के मैदान को अस्थाई हेलीपैड के रूप में उपयोग में लाना शुरू किया है। जिस क्षेत्र में वीआईपी का कार्यक्रम या बैठक होती है, उसके नजदीक स्थित मैदान में हेलीकॉप्टर उतारा जाता है, जिससे वीआईपी कारकेड की दूरी कम हो जाती है और ट्रैफिक केवल सीमित मार्गों पर ही प्रभावित होता है।

वीआईपी आगमन के दौरान यातायात पुलिस द्वारा ट्रैफिक डायवर्ट किया जाता है, लेकिन पूरे समय के लिए वाहनों की आवाजाही बंद नहीं की जाती। केवल वीआईपी कारकेड के गुजरने के समय ही कुछ देर के लिए चौक-चौराहों और सड़कों को ब्लॉक किया जाता है। पहले जहां कारकेड आने से कई घंटे पहले ही मार्ग बंद कर दिए जाते थे, वहीं अब वैकल्पिक मार्गों की पूर्व व्यवस्था कर दी जाती है ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस संबंध में यातायात शाखा में पदस्थ एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि वीआईपी आगमन के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर विशेष योजना बनाई जाती है। उन्होंने कहा कि अब कोशिश रहती है कि आमजन को कम से कम परेशानी हो। केवल वीआईपी कारकेड के गुजरने के समय ही कुछ मिनटों के लिए मार्ग रोके जाते हैं और इसके बाद तुरंत यातायात बहाल कर दिया जाता है। वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पहले से ही फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों के माध्यम से दी जाती है।

शहर में घंटाघर क्षेत्र में कार्यक्रम होने पर मुड़ापार हेलीपैड का उपयोग किया जाता है, जबकि आईटीआई, रिस्दी क्षेत्र या जिला मुख्यालय में बैठक होने की स्थिति में पुलिस लाइन के मैदान को अस्थाई हेलीपैड के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इस व्यवस्था के चलते रजगामार रोड, कोसाबाड़ी और आईटीआई चौक क्षेत्र में केवल सीमित समय के लिए ही यातायात प्रभावित होता है।

नई व्यवस्था से शहर के आधे से अधिक हिस्से में ट्रैफिक जाम की समस्या समाप्त हो गई है। प्रशासन के इस कदम से वीआईपी सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा के बीच बेहतर संतुलन स्थापित हुआ है, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है।

Share This Article