Vedant Samachar

KORBA: पहाड़ी कोरवाओं ने सामूहिक रूप से किया राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम गायन, राष्ट्रीय गौरव और संवेदना का अनोखा संगम

Vedant samachar
2 Min Read

  • राष्ट्रगीत के स्वरों में गूंजी देशभक्ति, भाव-विभोर हुए ग्रामीण जन

कोरबा/07 नवंबर 2025 । जनपद पंचायत कोरबा के दूरस्थ वनांचल ग्राम देवपहरी में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राहियों ने सीईओ जनपद पंचायत कोरबा श्री खगेश निर्मलकर के साथ मिलकर सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का गायन किया।


यह अवसर था — राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने का, जिसने गांव के वातावरण को देशभक्ति और एकता के भाव से ओतप्रोत कर दिया।


पहली बार अपने ही गांव में राष्ट्रीय गीत के स्वरों से परिचित होते हुए पहाड़ी कोरवा हितग्राही चैत बाई और मंगलू ने बताया कि आज हमने पहली बार अपने ही गांव में मिलकर पूरा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गाया है। आज हमें इसके शब्दों का अर्थ और महत्व समझाया गया है— यह हमारे देश और धरती मां के प्रति प्रेम का प्रतीक है।

गांव के खुले प्रांगण में जब राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की पंक्तियाँ गूंज उठीं,तो हर ग्रामीण के चेहरे पर गर्व और प्रसन्नता झलक रही थी। राष्ट्रगीत के बाद सभी ने तिरंगे को सलामी दी और सामूहिक रूप से देश की एकता और अखंडता के प्रति संकल्प लिया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में ध्वजारोहण भी किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आवास समन्वयक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share This Article