कोरबा,06सितम्बर (वेदांत समाचार) : डॉ श्री सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है ।यह दिन शिक्षकों की समाज में भूमिका और आने वाली पीढी के मार्गदर्शन के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए समर्पित है । इसी भावना के साथ विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम रखा गया। प्राचार्य नवलकिशोर शुक्ला जी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में हसदेव शिक्षण समिति के पूर्व अध्यक्ष बद्री प्रसाद स्वर्णकार,नव निर्वाचित सचिव भीष्म देव सिंह, पूर्व आचार्य छबीलीराम यादव, चंदूलाल राठौर,पूर्व छात्र सुरेश डिक्सेना, नरेंद्र कौशिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरूवात मां सरस्वती, ॐ व भारत माता के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।विद्यालय के वरिष्ठ आचार्या श्रीमती सुषमा बारस्कर ने अतिथि परिचय देते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं । विद्यालय के शिशु भारती कन्या भारती के सदस्यों ने अतिथियों व आचार्यों का सम्मान तिलक , पुष्पगुच्छ से किया तथा स्मृति चिन्ह के रूप में उपहार भी दिए।इस अवसर पर छात्रा अनन्या साहू ने डॉ श्री सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला, साथ ही छात्रा सविता ने शिक्षकों का जीवन में महत्व को बताते हुए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया ।
उपस्थित सभी अतिथियों ने शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्राचार्य नवलकिशोर शुक्ला जी ने अपने उदबोधन में गुरु के महत्त्व को बताते हुए कहा कि अभी जो शिक्षक अनुशासन व नियमों को बताता है वह छात्र जीवन में प्रिय नहीं लगता लेकिन जैसे जैसे जीवन में चुनौतियां आती है तो वहीं शिक्षक प्रेरक लगने लगता है इसलिए सदैव गुरु का सम्मान करते हुए उनके मार्गदर्शन से आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन देविका,माही व दिशा महंत के द्वारा किया गया।किशोर भारती कन्या भारती के अध्यक्ष आकाश श्रीवास व सदस्यों द्वारा कार्यक्रम का सफल संयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के सभी आचार्यगण उपस्थित रहे।



