Vedant Samachar

कोरबा नगर निगम ने विवेकानंद उद्यान अप्पू गार्डन और कैफेटेरिया को 5 साल की लीज पर देने का निर्णय लिया

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,29 मार्च (वेदांत समाचार)। कोरबा नगर निगम ने विवेकानंद उद्यान अप्पू गार्डन और कैफेटेरिया को 5 साल की लीज पर देने का निर्णय लिया है। सामान्य सभा में इसका प्रस्ताव पारित हो चुका है। कैफेटेरिया से निगम को हर महीने 65 हजार 555 रुपए किराया मिलेगा, जबकि अप्पू गार्डन का 61 हजार रुपए किराया तय है। दोनों का संचालन अलग-अलग ठेका कंपनी करेगी।

विवेकानंद उद्यान परिसर में ही कैफेटेरिया कम पार्किंग का निर्माण 5 साल पहले कराया गया था। इसकी लागत करीब दो करोड़ रुपए है, लेकिन इसके संचालन को लेकर लंबे समय से गतिरोध बना हुआ था। कई बार टेंडर भी निकला और रद्द भी हो गया।

निगम का मानना है कि अप्पू गार्डन की देखरेख के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारी नहीं हैं। इसके कारण समस्या हो रही है। यहां गर्मी के समय वेव पूल का संचालन होता है। इसमें सबसे अधिक भीड़ जुटती है। बाकी मनोरंजन के साधन खराब होते जा रहे हैं।

निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा का कहना है कि नियम के तहत ही इसे लीज पर दिया जा रहा है। इसका किराया भी तय है। दोनों का संचालन भी अलग-अलग कंपनी करेगी। दूसरी ओर कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि आम लोगों के लिए गार्डन बनाया गया है। उसे बेचना नहीं चाहिए।

Share This Article