Vedant Samachar

Korba Crime:महिला अपराध में लापरवाही का आरोप, पीड़िता ने एसपी से की शिकायत

Vedant samachar
2 Min Read
Oplus_16908288

कोरबा,17 दिसंबर (वेदांत समाचार)। महिला संबंधी अपराधों में पीड़िता को त्वरित न्याय और संवेदनशील कार्रवाई की आवश्यकता होती है, लेकिन बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा को उल्टे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्रवाई से असंतुष्ट होकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर थाने की कार्यप्रणाली की शिकायत की है।

पीड़िता बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र की निवासी कॉलेज छात्रा है। उसके अनुसार क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला विनोद कश्यप लगातार उसके मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता था। बाद में आरोपी उसके मोहल्ले में आकर प्रेम प्रस्ताव देने लगा। इंकार करने पर आरोपी ने आत्महत्या करने की धमकी देकर उसे भावनात्मक रूप से झांसे में ले लिया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे एक रिश्तेदार के घर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद जब युवती ने विवाह की बात कही तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया।

करीब एक माह पूर्व पीड़िता ने बांकीमोंगरा थाना में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इससे पीड़िता में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले में निष्पक्ष व कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article