Vedant Samachar

KORBA BREAKING:लोकमार्ग पर स्टंट कर रील बनाने वाले चार स्कॉर्पियो चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,22जनवरी (वेदांत समाचार )। लोकमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्टंट कर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस ने चार काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियों को जब्त करते हुए उनके चालकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 12 BS 7298, CG 12 BL 3201, CG 12 BL 7861 एवं CG 12 BH 8214 लोकमार्ग बालको से आईटीआई चौक कोरबा, कोसाबाड़ी, सुभाष चौक, निहारिका, घंटाघर, महाराणा प्रताप चौक और सीएसईबी चौक होते हुए महाराजा होटल तक अत्यधिक तेज गति एवं खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए दौड़ाई जा रही थीं। वाहनों में सवार लोग खिड़कियों से बाहर निकलकर हाथ बाहर निकालते, तेज आवाज में गाने बजाते और चिल्लाते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे आम लोगों की जान को गंभीर खतरा पैदा हुआ।

मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर कोरबा में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों स्कॉर्पियो वाहन जब्त किए गए। साथ ही वाहन चालक पवन यादव (निवासी भूलसीडीह), चंद्र कुमार कर्श (निवासी एसईसीएल सुभाष ब्लॉक), रोहित पटेल (निवासी चंद्र नगर बरहमपुर) एवं मोहम्मद सहजाद खान (निवासी बरहमपुर, कोरबा) को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा, वाहनों में सवार बच्चों के पालकों को सुरक्षित यात्रा, सीट के भीतर बैठने और यातायात नियमों का पालन करने को लेकर समझाइश दी गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह स्टंट कर रील बनाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।

Share This Article