Vedant Samachar

KORBA : अंडीकछार स्कूल में नहीं हैं इंग्लिश-संस्कृत के शिक्षक, 59 छात्र पढ़ाई से वंचित, अक्टूबर तक पढ़ाई शुरू नहीं….परिजन सीएम से करेंगे शिकायत

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा,10 अक्टूबर (वेदांत समाचार) कोरबा के पाली विकासखंड स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अंडीकछार में कक्षा छठवीं से आठवीं तक के 59 बच्चों को अंग्रेजी और संस्कृत विषयों की पढ़ाई नहीं मिल पा रही है। अक्टूबर माह शुरू होने के बावजूद इन महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे छात्रों की शिक्षा बाधित हो रही है।

यह मामला कोरबा जिले के पाली ब्लॉक के अंडीकछार गांव का है, जहां अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के बच्चे अध्ययनरत हैं। शिक्षकों की कमी के कारण ये बच्चे अंग्रेजी और संस्कृत जैसे विषयों की पढ़ाई से वंचित हैं।

ग्राम पंचायत के उप सरपंच उमेश श्रीवास ने शिक्षकों की कमी पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि दो विषयों के शिक्षक न होने से गांव के बच्चे इन महत्वपूर्ण विषयों में पिछड़ रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री से मांग करने की बात कही है।

पूर्व माध्यमिक शाला में अंग्रेजी और संस्कृत शिक्षक नहीं

स्कूल के प्रधान पाठक जयप्रकाश सूर्यवंशी ने बताया कि पूर्व माध्यमिक शाला में तीन शिक्षक पदस्थ हैं, जो हिंदी, गणित और विज्ञान पढ़ाते हैं। स्कूल में अंग्रेजी और संस्कृत विषय के शिक्षक नहीं हैं। उन्होंने इस संबंध में विभागीय खंड शिक्षा अधिकारी से शिक्षकों की मांग की है और फिलहाल अपने स्तर पर बच्चों को पढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने पुष्टि की कि जनपद पंचायत पाली के पूर्व माध्यमिक शाला अंडीकछार में तीन शिक्षक हैं और अंग्रेजी तथा संस्कृत विषय के शिक्षक नहीं होने की जानकारी उन्हें दी गई थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। पिछले वर्ष मानदेय पर एक शिक्षक रखा गया था, और वर्तमान में युक्तियुक्तकरण के तहत दो शिक्षक दिए गए हैं, जबकि माध्यमिक शाला में तीन शिक्षकों का प्रावधान है।

पालकों का कहना है कि इंग्लिश और संस्कृत के शिक्षक न होने से बच्चे इन विषयों में कमजोर हो रहे हैं और उनकी रुचि भी कम हो रही है। वे बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

Share This Article