Vedant Samachar

कोण्डागांव: नक्सलियों से मुठभेड़, एक ग्रामीण घायल

Vedant Samachar
3 Min Read

रायपुर,16अगस्त (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले के नालाझार जंगल में शनिवार को नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि इलाके में 10-12 नक्सली सक्रिय हैं। इसी आधार पर सुरक्षा बलों की टीम मौके पर पहुंची।

जवानों को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान पास के ही गांव का एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

सर्च अभियान में जवानों ने दो भरमार बंदूकें और कई नक्सली सामग्री बरामद की है। घटना केशकाल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

मोहला-मानपुर: दो बड़े नक्सली नेता मुठभेड़ में ढेर
उधर, मोहला-मानपुर जिले के बंडा पहाड़ इलाके में बुधवार की देर शाम सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त कार्रवाई में दो कुख्यात नक्सली नेता मारे गए। दोनों पर कुल मिलाकर एक करोड़ 16 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

मारे गए नक्सलियों में सबसे बड़ा नाम विजय रेड्डी का है, जो दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य और आरकेबी डिवीजन कमेटी का संस्थापक था। उस पर अकेले 90 लाख रुपये का इनाम था। वह लंबे समय से छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र में सक्रिय था और इन राज्यों में उसके खिलाफ कई गंभीर अपराध दर्ज थे।

बेटे ने कहा- पिता से कोई लगाव नहीं था

विजय रेड्डी का शव लेने के लिए उसका बेटा सुगुलूरी रामकृष्ण आंध्रप्रदेश से मोहला जिला मुख्यालय पहुंचा। उसने थाना और स्वास्थ्य केंद्र में जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं। शव लेने के बाद मीडिया से बातचीत में रामकृष्ण ने कहा कि उसे पिता की मौत का कोई दुख नहीं है, क्योंकि जब वह दो साल का था तभी से पिता परिवार से दूर हो गए थे।

रामकृष्ण ने बताया कि वह खुद सिविल इंजीनियरिंग स्नातक है और आउटसोर्सिंग के काम से जुड़ा है। उसका बड़ा भाई मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एमटेक कर चुका है और फिलहाल एक्सिस बैंक में काम करता है। दोनों भाई मां और नानी के साथ रहते हैं।

रामकृष्ण ने कहा कि शव लेने की पूरी प्रक्रिया के दौरान मोहला पुलिस ने सहयोग किया और उसे किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह शुक्रवार देर रात अपने पिता का शव लेकर आंध्रप्रदेश लौट गया।

Share This Article