जांजगीर-चांपा, 20 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में थाना बलौदा पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को मात्र तीन दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी पर नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ अनाचार करने का गंभीर आरोप है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 जनवरी 2026 को एक नाबालिग बालिका को अज्ञात आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया था। परिजनों की शिकायत पर थाना बलौदा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर अपहृता और आरोपी की पतासाजी शुरू की गई।
विवेचना के दौरान दिनांक 19 जनवरी 2026 को पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी सुनील कश्यप उम्र 20 वर्ष निवासी पचरी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने और उसके साथ अनाचार करने का जुर्म स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 96, 64(एम), 65(1) बीएनएस एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा थाना प्रभारी बलौदा, उप निरीक्षक प्रतिभा राठौर, प्रधान आरक्षक मुकेश यादव एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। बलौदा पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास और मजबूत हुआ है।



