जांजगीर-चांपा,13नवंबर (वेदांत समाचार) । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों की विस्तृत जानकारी लेते हुए उनके त्वरित और समय-सीमा के भीतर निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व से जुड़े प्रकरणों के समाधान में जनसामान्य को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, डायवर्सन, त्रुटि सुधार और भू-अर्जन जैसे मामलों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जन्मेजय महोबे ने एग्रीस्टैक अंतर्गत ऐसे कृषकों के यूएफआर (Unique Farmer Record) लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले लंबित यूएफआर प्रकरणों को अभियान के रूप में पूर्ण किया जाए, ताकि किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो। साथ ही किसानों को संबंधित जानकारी समय पर उपलब्ध कराने को भी कहा।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को राजस्व, कृषि, खाद्य और सहकारिता विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समितियों में शिविर लगाकर प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारियों को निर्देशित किया कि एग्रीस्टैक में जो भी यूएफआर अप्रूवल के लिए लंबित हैं, उन्हें तत्काल स्वीकृत किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और कहा कि सभी प्रकरणों का विधिवत प्रक्रिया के अनुसार एक माह के भीतर निराकरण किया जाए, ताकि प्रभावित व्यक्तियों को सहायता राशि समय पर प्राप्त हो सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नामांतरण, बंटवारा और भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों के निपटारे में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को ऋण पुस्तिका संबंधी कार्यों में भी किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर महोबे ने सभी अधिकारियों को ई-कोर्ट के माध्यम से संचालित न्यायालयीन प्रकरणों की सिलसिलेवार समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी समय-सीमा और पारदर्शिता का पालन करें।
बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



