Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा पुलिस का महिला सुरक्षा पर विशेष जागरूकता अभियान, सिवनी हाई स्कूल में छात्राओं को किया गया जागरूक

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 05 जनवरी (वेदांत समाचार)।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा रजत जयंती के पंचम दिवस के अवसर पर महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में जांजगीर क्षेत्र के ग्राम सिवनी स्थित हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान CSP जांजगीर द्वारा स्कूल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। घरेलू हिंसा, गुड टच–बैड टच, छेड़छाड़, पीछा करने जैसी घटनाओं से बचाव के उपायों के साथ-साथ साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के लिए सोशल मीडिया के जिम्मेदार और सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।

CSP योगिताबाली खापर्डे ने बताया कि इस जन जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देना है, ताकि वे स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें और किसी भी प्रकार के अपराध के विरुद्ध निडर होकर आवाज़ उठा सकें। उन्होंने कहा कि जागरूकता से ही समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल 112 की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में त्वरित सहायता के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की वेबसाइट cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत आगे भी स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिला सुरक्षा को लेकर समाज में व्यापक जागरूकता फैले और महिलाएं एवं बालिकाएं स्वयं को सशक्त एवं सुरक्षित महसूस कर सकें।

Share This Article