Vedant Samachar

गणतंत्र दिवस समारोह में जांजगीर-चांपा पुलिस की जनजागरूकता झांकी को मिला द्वितीय स्थान

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 26 जनवरी (वेदांत समाचार)। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तुत जनजागरूकता झांकी का भव्य प्रदर्शन किया गया। इस झांकी को समारोह में उपस्थित जनसमुदाय की भरपूर सराहना मिली और प्रतियोगिता में पुलिस विभाग को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पहली बार पुलिस विभाग की जनजागरूकता झांकी को हाई स्कूल मैदान स्थित परेड ग्राउंड में प्रस्तुत किया गया। झांकी के माध्यम से पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।

झांकी में नारी शक्ति एवं नशा मुक्ति अभियान को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। इसमें जांजगीर बाजार पारा, भीमा तालाब, जर्वेच, कोटमीसोनर चांगेरी, अकलतरा साकर, चांपा कोसमदा एवं अमोरा क्षेत्र की महिला कमांडो की सशक्त भागीदारी रही, जो समाज को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं।

इसके अलावा ऑपरेशन उपहार अभियान के तहत हेलमेट पहनने के प्रति जागरूकता, सड़क सुरक्षा मितान योजना के अंतर्गत दुर्घटना घायलों की मदद तथा विजय श्री फाउंडेशन के माध्यम से स्वरोजगार योजनाओं का भी प्रदर्शन किया गया। इन पहलों के माध्यम से नशामुक्त समाज और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।

जनजागरूकता झांकी को गणतंत्र दिवस समारोह में अत्यधिक सराहना मिली और प्रतियोगिता में जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग को द्वितीय स्थान से सम्मानित किया गया।

Share This Article