जांजगीर-चांपा, 27 नवंबर (वेदांत समाचार)। नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दैहिक शोषण करने के आरोपी को नैला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 23 वर्षीय आरोपी रितेश कुमार, निवासी सरखो वार्ड क्रमांक 15, को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ धारा 137(2), 64(M), 87 BNS तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह मामला 30 जून 2025 को उस समय दर्ज हुआ था जब नाबालिग के परिजनों ने नैला चौकी में रिपोर्ट कराई कि रितेश कुमार बालिका को शादी का लालच देकर अपने साथ भगा ले गया है। प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी और पीड़िता की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पांडे के निर्देशन पर टीमें बनाकर खोजबीन की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। बालिका को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सावन सारथी, चौकी प्रभारी नैला, सहायक उपनिरीक्षक शेख सफी उल्लाह, प्रधान आरक्षक सतीष राणा, आरक्षक जगदीश अजय, महिला प्रधान आरक्षक राजकुमारी खुटे, आरक्षक डिकेश्वर साहू, संतोष रात्रे, अश्वनी मार्बल एवं महिला आरक्षक शकुंतला नेताम की प्रमुख भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर सख्त निगरानी जारी रहेगी और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।



