Vedant Samachar

Janjgir Champa Accident : तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार 14 वर्षीय बालक की मौत, वाहन पलटा

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 30 जनवरी। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुचीहरदी में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने साइकिल सवार 14 वर्षीय बालक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक बालक आयुष यादव अपने घर से साइकिल लेकर पेट्रोल पंप के पास स्थित अपने बस्ती के घर जाने के लिए निकला था। जैसे ही वह सड़क पार कर रहा था, उसी दौरान बलौदा से अकलतरा की ओर तेज गति से आ रही पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आयुष साइकिल सहित सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्थल पर ही वह लहूलुहान हो गया और उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद पिकअप वाहन सड़क पर लहराते हुए किनारे जाकर पलट गई। वाहन का डाला चेसिस से अलग होकर सड़क पर बिखर गया। पिकअप में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। बलौदा पुलिस भी सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया कि मृतक बालक के परिजनों को प्रशासन की ओर से तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Share This Article