रायपुर, 24 जनवरी (वेदांत समाचार)। पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान DCP (WEST) संदीप पटेल के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें ADCP राहुल देव शर्मा, ACP आज़ाद चौक इशू अग्रवाल, ACP पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर सहित चार थानों के थाना प्रभारी एवं 50 से अधिक पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
अभियान के दौरान शहर के संवेदनशील क्षेत्रों आज़ाद चौक, ईदगाह भाटा, लाखे नगर एवं आश्रम एरिया में व्यापक जांच एवं निगरानी की गई। पुलिस बल द्वारा इन इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की गई, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष सतर्कता बरती गई। चेकिंग के दौरान आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दे सकें।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



