रायपुर, 11 अक्टूबर 2025। आगामी त्यौहारों, वीवीआईपी प्रवास एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी के मद्देनजर आज पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा की अध्यक्षता में सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में एक बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक श्री मिश्रा ने गणेशोत्सव एवं दुर्गोत्सव के दौरान रायपुर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की तथा आगामी दीपावली, मातर पर्व और अन्य त्योहारों में भी उसी समर्पण के साथ उत्कृष्ट पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने “निश्चय अभियान” के तहत नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने त्यौहारी सीजन और कानून व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विजिबल पुलिसिंग पर विशेष जोर देने को कहा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों की नियमित जांच करने तथा आवश्यकतानुसार वैधानिक और बाउंड ओवर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही लंबित अपराध, मर्ग एवं गुम इंसान प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त शिकायत पत्रों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस अधिकारियों को त्यौहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए गए।



