नई दिल्ली,30नवंबर : दिल्ली एनसीआर में लगातार बढ़ रहा प्रदूषण लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इसका असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर हो रहा है। जहरीली हवा से एक बच्चे की हालत इतनी खराब हो गई कि उसकी सर्जरी तक करवानी पड़ी। वहीं, मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। दरअसल ये मामला नोएडा में सामने आया है।
जानकारी के अनुसार नोएडा में रहने वाली साक्षी पाहवा नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने बेटे की हालत दिखाई। महिला ने कहा कि दो साल पहले परिवार के साथ दिल्ली-एनसीआर शिफ्ट हुए थे। तभी से बच्चे को लगातार सर्दी-खांसी, एलर्जी और सांस लेने में दिक्कत शुरू हो गई थी। कई बार इलाज करवाया पर कोई फायदा नहीं हुआ।
आगे महिला ने कहा कि प्रदूषण ने सिर्फ उस हवा पर असर नहीं डाला जिसे हम सांस लेते हैं। इसने मेरे छोटे बच्चे को सर्जरी के लिए मजबूर कर दिया, जो अभी अस्पताल में भर्ती है।
इस पोस्ट के शेयर होने पर लोगों ने कमेंट सेक्शन में अपना गुस्सा जाहिर किया है। एक यूजर ने लिखा कि ये सब देखकर दिल टूट गया है। एक और यूजर ने लिखा कि मेरी बेटी महज ढाई साल की है और हम गुड़गांव से मेरे पति के होमटाउन कोच्चि जा रहे हैं। अब हमें यहां कोई पैसा नहीं रोक सकता। ऐसे ही कई यूजर्स कमेंट बॉक्स में अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
बता दें दिल्ली की हवा शनिवार सुबह भी ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में है। दिल्ली के लिए एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक, नेशनल कैपिटल रीजन में एवरेज AQI 341 रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को एयर क्वालिटी में 28 पॉइंट्स का थोड़ा सुधार हुआ और एवरेज AQI 369 रहा।



