Vedant Samachar

भारत की सख्ती से बेहाल पाकिस्तान, वाघा बॉर्डर पर फंसे अपने नागरिकों को लेगा वापस

Vedant Samachar
2 Min Read

इस्लामाबाद,02 मई 2025। भारत की सख्ती से पाकिस्तान परेशान हो गया है। भारत सरकार के देश छोड़ने के आदेश के बाद कई पाकिस्तानी वाघा बॉर्डर पर फंस गए हैं। अब पाकिस्तान की सरकार ने एलान किया है कि वे वाघा बॉर्डर पर फंसे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस लेगा। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सख्त रुख अपनाते हुए भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने का एलान कर दिया और पाकिस्तानी नागरिकों को एक तय समयसीमा के भीतर देश छोड़ने का निर्देश दे दिया गया।

70 पाकिस्तानी अटारी-वाघा सीमा पर फंसे
पाकिस्तानियों के भारत छोड़ने की समय सीमा 30 अप्रैल को समाप्त हो गई, जिसके बाद गुरुवार को अटारी-वाघा बॉर्डर बंद रही। हालांकि कम से कम 70 पाकिस्तानी नागरिक गुरुवार को भी अटारी-वाघा बॉर्डर पर फंसे हुए हैं। मीडिया से बात करते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सीमा पर फंसे पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर कहा कि ‘हमें उन मीडिया रिपोर्ट्स की जानकारी है, जिनमें कुछ पाकिस्तानी नागरिकों के अटारी सीमा पर फंसे होने की जानकारी मिली है। हम अपने नागरिकों को वापस लेने के लिए तैयार हैं। भारतीय अधिकारी उन्हें सीमा पार करने की इजाजत दें।’

भविष्य में भी खुला रहेगा वाघा बॉर्डर
पाकिस्तान ने पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने के भारत सरकार के फैसले की आलोचना की और कहा कि इससे गंभीर मानवीय संकट पैदा हो गया है क्योंकि इससे भारत में इलाज करा रहे परिवार प्रभावित हुए हैं। उल्लेखनीय है कि भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों को 26 अप्रैल के बाद भारत छोड़ने का आदेश दिया था। इनमें सार्क वीजा धारक शामिल हैं। वहीं मेडिकल वीजा धारक पाकिस्तानी नागरिकों को 29 अप्रैल तक भारत छोड़ने की सलाह दी गई थी। भारत की देखा-देखी पाकिस्तान ने भी वाघा बॉर्डर को बंद कर दिया और भारतीयों को सार्क वीजा योजना के तहत मिले वीजा को रद्द कर दिया।

Share This Article