रायपुर। दिनांक 23 जनवरी को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत एवं न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला जाएगा। मैच के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले दर्शकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन तथा खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायपुर यातायात पुलिस द्वारा मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है।
रायपुर शहर से होकर स्टेडियम जाने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा से राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के माध्यम से सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होते हुए नया रायपुर मार्ग से स्टेडियम तिराहा पहुंचेंगे। यहां से साईं अस्पताल रोड होकर साईं अस्पताल पार्किंग एवं सेंध तालाब पार्किंग में वाहन खड़े कर पैदल स्टेडियम पहुंच सकेंगे।
बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शक बिलासपुर–रायपुर मार्ग से धनेली नाला, रिंग रोड नंबर-03, विधानसभा चौक, राजू ढाबा रिंग रोड-03 जंक्शन, राष्ट्रीय राजमार्ग-53 से मंदिर हसौद, नवागांव होते हुए स्टेडियम टर्निंग पहुंचेंगे और स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा पार्किंग एवं कोसा पार्किंग में वाहन पार्क कर पैदल प्रवेश करेंगे।

बलौदाबाजार–खरोरा की ओर से आने वाले दर्शक बलौदाबाजार–रायपुर मार्ग में विधानसभा ओवरब्रिज चौक से रिंग रोड नंबर-03, विधानसभा चौक, राजू ढाबा जंक्शन, राष्ट्रीय राजमार्ग-53, मंदिर हसौद, नवागांव होकर स्टेडियम टर्निंग से परसदा एवं कोसा पार्किंग में वाहन खड़े कर पैदल स्टेडियम पहुंचेंगे।
धमतरी–जगदलपुर मार्ग से आने वाले दर्शक अभनपुर से केंद्री, उपरवारा, मंत्रालय चौक, कोटराभाठा, सेंध तालाब होकर साईं अस्पताल पार्किंग एवं सेंध तालाब पार्किंग में वाहन खड़े कर पैदल स्टेडियम पहुंच सकेंगे।
दुर्ग–भिलाई की ओर से आने वाले दर्शक टाटीबंध से रिंग रोड-01, पचपेड़ी नाका, तेलीबांधा थाना तिराहा, राष्ट्रीय राजमार्ग-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होते हुए नया रायपुर मार्ग से साईं अस्पताल एवं सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग करेंगे।
महासमुंद–सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शक आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निंग होकर स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा पार्किंग एवं कोसा पार्किंग में वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुंचेंगे।
जिन वाहनों को पार्किंग पास A, B, C, D, E, F एवं G जारी किए गए हैं, वे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज से नया रायपुर प्रवेश मार्ग होकर स्टेडियम टर्निंग, डॉ. खूबचंद बघेल चौक, कयाबांधा चौक, कोटराभांठा चौक होते हुए ग्राम सेंध सेक्टर मार्ग से संबंधित पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे।
मैच आयोजन के दौरान दिनांक 23 जनवरी को दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम एवं भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
सुरक्षा कारणों से स्टेडियम परिसर में शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा-तंबाकू, माचिस-लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, बोतल, डिब्बे, टिफिन, वाद्य यंत्र, कुर्सी-स्टूल, छाता, ब्लेड, डंडा, हॉकी स्टिक, झंडा, आग्नेयास्त्र, पटाखे, चाकू, कैंची, तेज धारदार वस्तुएं, खाद्य पदार्थ (बच्चों के भोजन को छोड़कर), कांच के कंटेनर, हैंड बैग, सूटकेस, लैपटॉप, कैमरा, लेजर लाइट, स्प्रे, सिरिंज, पेन-पेंसिल, गुब्बारे, लाउडहेलर, सीटी, हार्न, रेडियो, प्रचार सामग्री एवं सभी प्रकार के सिक्के ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों व पार्किंग स्थलों का पालन करें तथा समय से पहले पहुंचकर व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।



