रायपुर, 02 जनवरी (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा माह 2026 के दूसरे दिन रायपुर यातायात पुलिस ने आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए एक अनोखी और रोचक पहल की। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा फिल्म ‘पीके’ के प्रतिरूप में कलाकारों को उतारकर चौक-चौराहों पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
इस विशेष अभियान के तहत मोर पिरोहिल नाट्य संस्था के कलाकारों को पीके फिल्म के नायक की वेशभूषा में सजाया गया। कलाकारों ने हेलमेट पहनकर और पीके स्टाइल में संवाद करते हुए शास्त्री चौक से अभियान की शुरुआत की। उन्होंने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया।
पीके के प्रतिरूप में कलाकारों ने रोचक और सरल भाषा में यह समझाया कि यातायात नियमों का पालन न करने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और नियमों का पालन कर ही जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। इस अनोखे अंदाज को देखकर चौक-चौराहों पर मौजूद लोग भी रुककर संदेश को सुनते नजर आए और अभियान की सराहना की।
यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान यह जागरूकता अभियान प्रतिदिन रायपुर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक यातायात नियमों का संदेश पहुंच सके। इस पहल का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई से अधिक समझाइश और जागरूकता के माध्यम से लोगों की सोच में बदलाव लाना है।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें। नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा दिया जा सकता है।



