बिलासपुर/कोरबा,02 जनवरी (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की वर्ष 2026 की पहली जीएम समन्वय बैठक शुक्रवार 02 जनवरी 2026 को आयोजित की गई। चार घंटे से अधिक समय तक चली इस मैराथन बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने की। बैठक में वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही के लक्ष्यों के साथ-साथ आगामी वर्ष के लिए उत्पादन, उत्पादकता, योजना और विभागीय समन्वय से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सीएमडी श्री दुहन ने सभी क्षेत्रों और विभागों से आह्वान किया कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए अंतिम तिमाही में पूरे संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर योजना, समयबद्ध निर्णय, संसाधनों का प्रभावी उपयोग और मजबूत टीमवर्क ही सतत और बेहतर प्रदर्शन की कुंजी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपनी टीम की क्षमताओं पर पूरा भरोसा है और एसईसीएल हर चुनौती का सामना कर लक्ष्य हासिल करने में सक्षम है।
बैठक के आरंभ में सीएमडी श्री दुहन द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीडब्ल्यूएस कोरबा में विकसित 3.3 केवी एचटी मोटर टेस्ट फैसिलिटी का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही मुख्यालय के सिस्टम विभाग द्वारा विकसित एसआरएमएस (सर्विस रिकॉर्ड मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल, जिसके माध्यम से कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों का डिजिटलीकरण किया गया है, तथा गेस्ट हाउस मैनेजमेंट सिस्टम (गेस्ट पोर्टल) का भी लोकार्पण किया गया। इन डिजिटल पहलों को प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और कार्य-सुगमता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
समन्वय बैठक में निदेशक (तकनीकी–संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी–योजना/परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय महाप्रबंधक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान हाल ही में आईआईटी–आईएसएम धनबाद एवं ईसीएल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यूमीद 2025 कॉन्फ्रेंस में सीएमडी हरीश दुहन के शोध पत्र को उत्कृष्ट योगदान के लिए प्राप्त स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र निदेशक मंडल द्वारा उन्हें प्रदान किया गया। वहीं, कॉन्फ्रेंस में शोध पत्र प्रस्तुत करने के लिए अजय तिवारी, महाप्रबंधक (यूजी) तथा रमेश बसंत सिंधुर, महाप्रबंधक (खनन) एवं तकनीकी सचिव को सीएमडी श्री दुहन के कर-कमलों से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक के समापन पर दिसंबर माह में मुख्यालय से सेवानिवृत्त हुए दीपक पंड्या, महाप्रबंधक (खनन) को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।



