Vedant Samachar

छत्तीसगढ़: प्रदेश में अगले 4 से 5 दिन अंधड़ और बारिश का अलर्ट, गिरेंगे ओले, 40 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा

Vedant Samachar
3 Min Read

रायपुर,30अप्रैल 2025(वेदांत समाचार) ।प्रदेश में अगले 4 से 5 दिन अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं मौसम विभाग ने आज रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवा चलेगी, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मंगलवार को रायगढ़, बस्तर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, वहीं अंबिकापुर में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

मौसम वैज्ञानिक सुनील गुप्ता के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से नमी आने और वेस्टर्न डिस्टरबेंस, ट्रफ के कारण मौसम बदला हुआ है। जिसके कारण गर्मी से राहत है। कई जिलों में दिन का तापमान 35 से 39 डिग्री के बीच बना हुआ है। मंगलवार को 39.4 डिग्री के साथ दुर्ग सबसे गर्म रहा।

रायपुर में दिन का पारा 38.5 डिग्री

यहां मंगलवार को सुबह मौसम साफ रहा। लेकिन 4 बजे के बाद तेज हवा के साथ मौसम बदल गया। रात में भी ठंडी हवा चलती रही। मंगलवार को रायपुर में दिन का पारा 38.5 डिग्री रहा जो सामान्य से करीब 2 .6 डिग्री कम था। वहीं रात का पारा 22.8 डिग्री रहा।

बिलासपुर में 5 डिग्री लुढ़का पारा

यहां मंगलवार को दिन का पारा सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रहा। वहीं गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा जो औसत से 4.2 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा जो औसत से 4.8 डिग्री कम रहा।

जगदलपुर में दिन का पारा सामान्य से कम

पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के जिलों में अच्छी बारिश हुई। जगदलपुर का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री रहा जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री रहा, यह भी नॉर्मल टेम्प्रेचर से 3 डिग्री कम था।

सरगुजा संभाग में भी दिन का पारा लुढ़का

संभाग के कई जिलों में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। अंबिकापुर में दिन का पारा 35.8 डिग्री रहा। यह नॉर्मल से 3 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा। जो सामान्य से करीब 4.4 डिग्री कम था।

Share This Article