Vedant Samachar

छत्तीसगढ़ में स्कूली छात्रों की आपसी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में बड़े भाई गंभीर घायल

Vedant samachar
3 Min Read

दुर्ग, 20 दिसंबर (वेदांत समाचार)। जिले में स्कूली छात्रों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पद्मनापुर थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की इस घटना में एक छात्र के बड़े भाई को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सभी आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं और फिलहाल फरार हैं।

जानकारी के अनुसार, खालसा स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र का किसी दूसरे स्कूल के छात्र से कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन दूसरे स्कूल का छात्र मन में रंजिश पाले रहा। बदला लेने की नीयत से उसने अपने 10 से 11 साथियों को इकट्ठा किया और 19 दिसंबर को अचानक हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चर्च के सामने सुलह की बात करने के बहाने खालसा स्कूल के छात्र को बुलाया था। वहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने छात्र पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान छात्र का बड़ा भाई केशव राजपूत बीच-बचाव और लड़ाई की वजह पूछने मौके पर पहुंचा। छोटे भाई को बचाने के दौरान आरोपियों ने केशव पर चाकू से वार कर दिया और हाथ-मुक्कों से भी मारपीट की।

हमले में केशव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, केशव को चाकू से गहरी चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

छात्रों ने बताया कि यह पूरा विवाद मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था, लेकिन पुरानी रंजिश के चलते मामला चाकूबाजी जैसी गंभीर घटना में बदल गया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुके हैं, लेकिन इस बार हिंसा की हद पार हो गई।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में करीब 8 से 10 छात्रों ने मिलकर मारपीट की। सभी आरोपी 11वीं और 12वीं कक्षा में अलग-अलग स्कूलों में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र हैं। चाकू से हमला करने वाले कुछ आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पद्मनापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article