रायपुर,20 जनवरी (वेदांत समाचार)। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और समाचारों को लेकर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज ने तत्कालीक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जिला बिलासपुर श्री राजेन्द्र जायसवाल के संबंध में गंभीर आरोपों की जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर को जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें श्री जायसवाल पर स्पा सेंटर संचालकों से धनराशि की मांग करने के आरोप लगाए गए हैं। इन वीडियो की दृश्य एवं श्रव्य सामग्री पेन ड्राइव के माध्यम से संलग्न कर भेजी गई है।
इसके अतिरिक्त लोकेश सेन एवं अमन सेन द्वारा प्रस्तुत एक शिकायत आवेदन पत्र भी संलग्न किया गया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि सिविल लाइन थाना, बिलासपुर द्वारा मासिक धनराशि नहीं देने पर स्पा सेंटर में बिना कारण चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की गई, जिससे उनकी बदनामी हुई और व्यवसाय को नुकसान पहुंचा। यह शिकायत पूर्व में ही जांच हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजी जा चुकी है।
पुलिस महानिरीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया में प्रसारित वीडियो में दर्शित तथ्यों तथा शिकायत पत्र में उल्लिखित आरोपों की गंभीरता से जांच की जाए। जांच उपरांत तथ्यात्मक एवं वस्तुपरक प्रतिवेदन, सुसंगत दस्तावेजों एवं स्पष्ट अभिमत सहित 7 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाए। मामले को लेकर पुलिस महकमे में हलचल बनी हुई है और अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।



