कांकेर, 20 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में नेशनल हाईवे-30 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। यह दुर्घटना 19 जनवरी की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतेसरा स्थित नेशनल हाईवे-30 पर हुई। बताया जा रहा है कि कांकेर से चारामा की ओर जा रही एक कार और ग्राम रतेसरा से हाईवे पर आ रही एक बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चारामा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल चारामा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ग्राम बाबू दबेना निवासी अरुण यादव के रूप में की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना स्थल गांव का मुख्य चौक है, जो सीधे नेशनल हाईवे से जुड़ा हुआ है। इस स्थान पर स्ट्रीट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण अंधेरे में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।



