Vedant Samachar

देवशयनी एकादशी के अवसर पर मां सर्वमंगला घाट कोरबा में हसदेव आरती की गयी

Vedant samachar
2 Min Read

0 नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा किया गया आयोजन, महापौर संजूदेवी राजपूत सहित अन्य यजमान हुए सहभागी

कोरबा, 07 जुलाई (वेदांत समाचार)। हिन्दू धर्म की आस्था नगरी वाराणसी के माँ गंगा आरती की तर्ज पर कोरबा में भी माँ सर्वमंगला घाट में हसदेव आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान महापौर संजु देवी राजपूत सहित विभिन्न समाजसेवी संस्था के पदाधिकारीगण व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।


नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा देवशयनी एकादशी के शुभ अवसर पर 6 जुलाई रविवार को सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला घाट पर हसदेव आरती की गयी। इस दौरान समिति द्वारा आयोजन सम्बन्धी व्यवस्था की गयी थी। आरती के दौरान मां सर्वमंगला घाट पर भक्तों का जमावड़ा लगा रहा जो इस दृश्य के साक्षी बने।
उल्लेखनीय है कि नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा हसदेव नदी, हसदेव की सहायक नदियों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के प्रदूषण को कम करने, संरक्षण करने तथा तट के सौन्दर्यीकरण करने का कार्य किया जा रहा है। नदियाँ सनातन काल से हिंदुओं की आस्था व श्रद्धा का केंद्र और विकास यात्रा की आधार रही हैं। वर्तमान में नदियों में प्रदूषण सहित अन्य समस्याएं, मनुष्य के सनातन जीवन पद्धति का पालन नहीं करने से उतपन्न हुई हैं। इस दिशा में निष्ठा से कार्य करने पर निश्चित ही नदियाँ प्रदूषण मुक्त होंगी।


उक्त उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रत्येक मास की पूर्णिमा को हसदेव आरती माँ सर्वमंगला घाट,कोरबा पर आयोजित की जायेगी। इसी क्रम में देवशयनी एकादशी के शुभ अवसर पर भी हसदेव आरती की गयी। उक्त हसदेव आरती में महापौर संजु देवी राजपूत मुख्य यजमान के रूप में सहभागी बनी। इसके अलावा विशिष्ट यजमान राष्ट्रसेविका समिति की जिला कार्यवाहिका गीता सिंह, अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्षा मनीषा गोयल, सतनामी कल्याण समिति की जिलाध्यक्ष डॉ. बरखा रानी कुर्रे, अखिल भारतीय अघरिया समाज क्षेत्रीय समिति की महिला संयोजिका लक्ष्मी नायक सहित बड़ी संख्या में आम गणमान्य नागरिक, विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Share This Article