Vedant Samachar

राज्यपाल रमेन डेका ने किया लाल चंदन का पौधारोपण पर्यटन पर आधारित डायरी और ब्रोशर का विमोचन

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरिया बैकुंठपुर,27 मार्च 2025। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका अपने एक दिवसीय प्रवास पर आज सुबह बैकुंठपुर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। यह राज्यपाल का कोरिया जिले का पहला आधिकारिक दौरा था।

राज्यपाल श्री डेका ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने पर्यटन पर आधारित डायरी और ब्रोशर का विमोचन किया, जिसमें कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर खींची गई चिडिय़ों की तस्वीरें शामिल हैं।

राज्यपाल ने स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए तैयार किए जा रहे कोरिया मोदक लड्डू के स्टॉल का निरीक्षण किया और इस पहल की सराहना की। साथ ही, उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा तैयार किए गए सोनहत शहद का भी शुभारंभ किया।

राज्यपाल श्री डेका का स्वागत छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुसार लोक नृत्य के माध्यम से किया गया। उन्होंने जिले के विभिन्न विभागों से जुड़ी एजेंडेवार जानकारी प्राप्त की, जिसे कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिले के सभी महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल का यह दौरा पर्यटन, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनके इस प्रवास से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share This Article