विनीत चौहान,बिलासपुर,18 दिसंबर 2025। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिलासपुर के वर्ष 1992–93 बैच के पूर्व विद्यार्थियों द्वारा अपनी 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर गोल्डेन रियूनियन 2025 का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन रविवार, 14 दिसंबर 2025 को होटल ग्रीन चावला, मोपका (बिलासपुर) में प्रातः 9 बजे से सायं 7 बजे तक किया गया।
इस अवसर पर बिलासपुर के साथ-साथ मुंबई, पुणे, रायपुर, बैंगलोर सहित देश के विभिन्न शहरों से आए पूर्व विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कुल 37 पूर्व विद्यार्थी इस ऐतिहासिक मिलन समारोह में शामिल हुए। प्रमुख रूप से मनीष खरे, प्रशांत पाण्डेय, निधि जुनेजा, जितेंद्र श्रीवास्तव, मंजू पाण्डेय, गिरीश कुर्रे, विक्रम बाकरे, डॉ. नितिन जुनेजा, विनीत चौहान, देवदत्त कुलकर्णी, प्रफुल्ल पाण्डेय (मुंबई), भावना नारंग (रायपुर), स्वाति निर्गुड़कर व राहुल पसारकर (पुणे), सुधांशु दासे (बैंगलोर) सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दिवंगत साथियों सीमा सिंह, प्रतिमा देवांगन, वीणा शुक्ला, राजेंद्र सोनी, रवि चंद्राकर, शशांक जोशी, अरविंद उपाध्याय, व्ही. शतीश राव, अमित गजभिए एवं धीरज सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने अपना परिचय दिया और विद्यालयीन जीवन से जुड़ी स्मृतियाँ, रोचक प्रसंग एवं अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान लकी गेम, जलेबी दौड़, पिट्ठूल, बैलून फोड़ो, जोड़ी बनाओ जैसे पारंपरिक व मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण उल्लास और बालसुलभ आनंद से भर उठा। नृत्य, संगीत और आपसी मस्ती ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।
समारोह के अंत में 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सामूहिक केक कटिंग एवं गिफ्ट एक्सचेंज किया गया। सभी पूर्व विद्यार्थी पुरानी यादों की मिठास, नए संकल्पों और शीघ्र पुनर्मिलन के वादे के साथ भावनात्मक विदाई लेकर लौटे।
यह गोल्डेन रियूनियन मित्रता, अपनत्व और जीवन भर की स्मृतियों को पुनः जीवंत करने वाला एक अविस्मरणीय आयोजन सिद्ध हुआ।



