Vedant Samachar

कार से गांजा तस्करी, 55 लाख से ज्यादा का माल जब्त, 2 गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

जशपुर। जशपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 55 लाख रुपए से अधिक कीमत का गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र में की गई। जशपुर पुलिस द्वारा अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत यह सफलता मिली। 20 जनवरी की सुबह नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति कार में गांजा लेकर कुनकुरी की ओर से नारायणपुर होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस ने बगीचा पुलिस के साथ मिलकर रानीकोंबो गांव के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका।

कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने डिक्की और कारपेट के नीचे छिपाकर रखे गए 180 पैकेट गांजा बरामद किया। जब्त गांजे का वजन 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 55 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने कार सवार शान मोहम्मद उर्फ सानू और सुहैल अहमद को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति के कहने पर ओडिशा के मालकानगिरी से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

Share This Article