Vedant Samachar

प्रथम किश्त वाले आवास 30 मार्च तक हर हाल में हों पूर्ण : सीईओ जिला पंचायत

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 15 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम जनमन, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन तथा जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई।

सीईओ श्री नाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की ग्राम पंचायतवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रथम किश्त प्राप्त कर चुके सभी हितग्राहियों के आवास 30 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए जाएं। शून्य प्रगति वाले मैदानी अमले के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी देते हुए उन्होंने योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। जनपद पंचायत सीईओ एवं एसडीओ को नियमित समीक्षा और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पीएम जनमन योजना के अंतर्गत पीवीटीजी परिवारों के आवासों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं डीएमएफ मद से स्वीकृत जनहितैषी कार्यों—प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आवासीय परिसरों आदि—में गुणवत्ता के साथ गति लाने और निरंतर मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। एनआरएलएम के अंतर्गत वित्तीय समावेशन एवं प्रकरणों की बैंक स्वीकृति एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने को कहा गया।

मनरेगा की समीक्षा में सीईओ ने आजीविका डबरी निर्माण को प्राथमिकता देने, तकनीकी प्रणाली के माध्यम से गुणवत्ता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अभिसरण के तहत कृषि, सब्जी उत्पादन, मछली पालन, सिंघाड़ा एवं मखाना उत्पादन जैसी गतिविधियों से ग्रामीणों की आय बढ़ाने के निर्देश दिए। मनरेगा एवं अभिसरण से स्वीकृत आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा उत्कृष्ट कार्यों की सफलता की कहानियां जिला कार्यालय भेजने को कहा गया।

पंचायत विभाग की समीक्षा में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के भवन निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने और केंद्रों में वीएलई की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से मनरेगा कार्यों का नियमित निरीक्षण कर प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुदृढ़ हो।

बैठक में कार्यपालन अभियंता आरईएस, उप संचालक पंचायत, सहायक परियोजना अधिकारी, एसडीओ आरईएस, जनपद पंचायत सीईओ सहित स्वच्छ भारत मिशन, एनआरएलएम, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मनरेगा के जिला व जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article