Vedant Samachar

कोरबा में नव वर्ष 2026 का पहला स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार 5 जनवरी को

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 03 जनवरी (वेदांत समाचार)। नव वर्ष 2026 के अवसर पर बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी सिंह राजपूत के मुख्य आतिथ्य में “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत आयोजित होगा। आयोजन लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

यह नि:शुल्क आयुर्वेद योग चिकित्सा एवं परामर्श शिविर 5 जनवरी 2026, सोमवार को प्रातः 10 बजे से पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में आयोजित होगा। अति शुभ पुष्य नक्षत्र में आयोजित इस शिविर में आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम के अंतर्गत जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाकर आयुर्वेद पद्धति से टीकाकरण किया जाएगा।

शिविर के दौरान बच्चों का नि:शुल्क चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए उनके अभिभावकों को बच्चों की आयु के अनुसार उपयोगी आहार-विहार की जानकारी दी जाएगी। बच्चों के लिए लाभकारी योग एवं प्राणायाम का भी नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कराने के लिए अभिभावक मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर पूर्व निर्धारित समय प्राप्त कर सकते हैं, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और लंबी प्रतीक्षा से बचा जा सके।

Share This Article