Vedant Samachar

CG NEWS : भारतमाला परियोजना में पानी निकासी की अनदेखी से खेती संकट में, किसान परेशान…

Vedant Samachar
3 Min Read

0.प्रेमनगर और बायसी कॉलोनी क्षेत्र के 10 से ज्यादा किसान प्रभावित, खेतों तक पहुंच भी मुश्किल

विकास चौहान,रायगढ़,10 जुलाई 2025। धरमजयगढ़ ब्लॉक भारतमाला परियोजना के तहत उरगा से पत्थलगांव मार्ग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन इस निर्माण कार्य में जल निकासी और पहुंचमार्ग की अनदेखी अब किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। प्रेमनगर और बायसी कॉलोनी क्षेत्र के कई किसानों के खेतों में पानी भरने लगा है, वहीं कुछ किसानों को अपने खेतों तक जाने का रास्ता भी नहीं मिल रहा है।

ऊंची सड़क, निचले खेत – जलभराव से डूबी फसलें

किसानों ने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत जो सड़क बनाई गई है वह आसपास की ज़मीन से ऊंची हो गई है। ऐसे में बारिश का पानी सड़कों से नीचे खेतों में बहकर रुकने लगा है, जिससे फसलों के डूबने की नौबत आ गई है। स्थिति यह है कि कई खेतों में पानी का जमाव हो गया है, जिससे न सिर्फ नई फसलें नहीं लग पा रही हैं, बल्कि लगी हुई फसल भी खराब होने का खतरा बढ़ गया है।

पुल-पुलिया बने, पर नालियों की व्यवस्था नहीं

स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग निर्माण के दौरान पुल और पुलियों का निर्माण तो किया गया, लेकिन पानी निकासी के लिए कोई नाली या ढलान जैसी व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते पुल के आसपास के खेतों में लगातार पानी भर रहा है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

खेतों तक नहीं पहुँच पा रहे किसान, रास्ता नहीं छोड़ा गया

प्रेमनगर के एक किसान ने बताया कि भारतमाला मार्ग के दूसरी ओर उनका खेत है, जहां तक जाने के लिए कोई पुल या संपर्क मार्ग नहीं छोड़ा गया। इस कारण लगभग 10 से 12 किसान खेती करने नहीं जा पा रहे हैं। निर्माण कार्य के दौरान किसानों से चर्चा तक नहीं की गई और बिना वैकल्पिक मार्ग छोड़े सड़क बना दी गई।

शिकायत के बाद भी समाधान नहीं

किसानों ने धरमजयगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धनराज मरकाम को इस संबंध में लिखित व मौखिक शिकायत दी है। किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही प्रशासन उनके खेतों में जल निकासी और पहुंच मार्ग की व्यवस्था करेगा, ताकि समय पर खेती कार्य शुरू हो सके। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो इस वर्ष कई किसान फसल से वंचित रह जाएंगे।

Share This Article